भभुआ के नगर पालिका मध्य विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
आज दिनांक 07.03.2026 दिन शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका मध्य विद्यालय, भभुआ के प्रांगण में आर्ट ऑफ गिविंग के ब्रांड एम्बेसडर शिवम कुमार के नेतृत्व में छात्राओं के बीच निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत निबंध प्रतियोगिता से हुई, जिसका विषय “नारी शक्ति समाज की ताकत” रखा गया। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार, अनुभव और प्रेरणादायक स्लोगन के माध्यम से नारी शक्ति के महत्व को व्यक्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय की शिक्षिकाएं रविता कुमारी एवं हेमंत कुमारी शामिल रहीं।
इसके पश्चात भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “नारी शक्ति और बेटी शिक्षा का महत्व” था। इस दौरान छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए और बताया कि पढ़-लिखकर वे समाज और देश के लिए किस प्रकार योगदान देना चाहती हैं।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय की शिक्षिकाएं अंजू सिंह एवं सहनिला परवीन शामिल रहीं। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नेहा कुमारी, द्वितीय स्थान यासमीन परवीन, तृतीय स्थान सहामा परवीन तथा चतुर्थ स्थान निखत जिया ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र तिवारी, आर्ट ऑफ गिविंग के ब्रांड एम्बेसडर शिवम कुमार तथा उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार प्रभाकर, नीतीश कुमार, सुदर्शन प्रसाद, शाहिना परवीन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवम कुमार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और समाज में नारी सम्मान एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि जब बेटियां शिक्षित होंगी, तभी समाज और देश का समग्र विकास संभव होगा।